विविधा विश्ववार्ता

सरल शब्द रचना के उदाहरण।​​


डॉ. मधुसूदन ​​

(एक) प्रवेश:​​कभी आपने पाठक, चालक, धावक, गायक, ….इत्यादि क्रिया के अंत में अक लगनेवाले शब्दों पर ध्यान दिया है?​आप देखेंगे कि ऐसी क्रियाओं के अंत में  अक लगाने पर आप एक विशेष अर्थ से जुडा शब्द रचते हैं।​और, ऐसे शब्द उपकरणों वा साधनों के लिए, एवं विशेष  सेवा (व्यवसाय)करनेवालों के लिए भी, उनके व्यवसाय से जोडकर दर्शाए जा सकते हैं। कुछ ऐसे शब्द आप पहले से जानते होंगे ही। इसी प्रक्रिया का विस्तार  कर कुछ शब्द रचे जा सकते हैं।​पहले, कुछ उपकरणों के शब्द देखते हैं। ​​

(दो) मापने वाले (Meter) उपकरणों के शब्द:  ​​Meter मापने ( या नापने) का काम करता है। और  माप के अंत पर अक या क लगाने पर उसे मापक कहा जा सकता है। अर्थ होगा, मापने या नापने का उपकरण या साधन। और ऐसे मापक के प्रयोग से, अनेक शब्द रचे जा सकते हैं। मापक के आगे जो अंश जोडा जाएगा, उस वस्तु  वा गुण-विशेष को नापने का अर्थ व्यक्त होता है। कुछ सरल उदाहरण प्रस्तुत हैं। और ऐसे हमारे बहुतेरे शब्द प्रायः अपना अर्थ भी व्यक्त कर ही देते हैं। जिसके कारण शब्द कोश की आवश्यकता भी कम ही होगी। लम्बे लम्बे स्पेलिंग से भी बचा जा सकता है।​​उदाहरणार्थ:​(१) Blood Pressure Meter के लिए,==> रक्त चाप मापक।​उसे ==>रक्त दाब मापक, भी कहा जा सकता है।​(२)  Thermo Meter के लिए==>ज्वर वा ताप मापक।​और ज्वर मापक रोगीके ज्वर की  मात्रा को अंकों में  दर्शाएगा। ​(३) Diabetes Sugar Meter के लिए==>मधुमेह शर्करा मापक।​संदर्भ स्पष्ट हो तो शर्करा मापक भी चल जाएगा।​(४) Warmth Meter के लिए==>उष्मा मापक।​(५) Vapor meter के लिए==>बाष्प माप।​(६) बाढ में, Water level Meter के लिए ==> जलस्तर मापक। वा (जलस्तर दर्शक)​(७) Rain Gauge बरसात की मात्रा के लिए ==>वर्षा जल मापक।​(८) Speedo-Meter के लिए==>गति माप।​(९) Velocity  meter के लिए==>वेग माप।​(१०) Acceleration Meter के लिए==>प्रवेग माप।​(११) Frequency Meter के लिए==>कंपन मापक।​​

(तीन) कुछ विविध  प्रकार के उदाहरण।​(१२) चलन से चालन और चलानेवाला इस अर्थ में चालक बनता है।​तो,Vehicle Driver को वाहन चालक कहा जाएगा।​(१३) या याति इस धातु से *यान* शब्दांश निकलता है। यह भी vehicle का ही अर्थ रखता है।​(१४)फिर विशेष शब्द, जैसे कि, *मंगलयान*,(मंगल ग्रह पर जानेवाला यान) ​(१५) उसी प्रकार चंद्र पर जानेवाला  *चंद्रयान*, शब्द बन सकता है।​(१६) Bus के लिए *संस्कृत भारती * संस्था  ’लोक यान’ शब्द प्रयोग करती है।​ (१७) और फिर Bus Driver =लोकयान चालक होगा।​​(१८) Train Driver =रेलयान चालक या रेल चालक।​(१९) Aeroplane =विमान, या वायुयान, या आकाशयान। तीन तीन शब्द सरलता से बन गए।​(२०) और पायलट के लिए, वायुयान-चालक, विमान-चालक, या आकाशयान-चालक।  

  ​एक प्रश्न आया था।​ (२१) ऑटोमोबाइल का अर्थ देनेवाला शब्द कैसे बनाओगे?​उत्तर: ऑटो का अर्थ होता है स्वयं या स्व । मोबाईल का अर्थ होगा चलनेवाला यान वा वाहन।​तो, Automobile= Auto + Mobile= स्व+ चल + यान।​(२२) तो, स्वचलवाहन या स्वचलयान ऐसे शब्द उसी अर्थ को व्यक्त करते हैं।​​​(चार) रसोई में काम आनेवाले  आधुनिक और घरेलु उपकरणॊं के शब्द:​(२३) Blender मिश्रण करता है। इसलिए उसे मिश्रक या संमिश्रक कहा जा सकता है।​(२४) Grinder Grindअर्थात चूर्ण करता है, इस अर्थ से===> चूर्णक।​(२५) वा पिष्ट  (आटा ) पेषण करता है, या  पीसता है।दाने को आटे में परिवर्तित करता है। उसे पिष्टक भी कहा जा सकता है।​इसी पिष्ट से निकला अंग्रेज़ी Pestle और Paste भी प्रतीत होता है।​​विशेष: व्युत्पत्तियाँ मुख्यतः ऐसे अर्थ से ही जोडी जाती है। उच्चारण भाषा भाषा में  उन भाषाओं की अधूरी लिपि के कारण बदल जाता है।​विश्वकी त्रुटिपूर्ण भाषाएँ अपनी लिपि की त्रुटियों के कारण उच्चारण स्थायी नहीं रख पाई हैं। अधूरी लिपि, और ऊपर से दोषपूर्ण उच्चारण व्यवस्था, और प्रतिबद्ध समर्पित गुरुकुल जैसी परम्परा का अभाव। ​​(पाँच)शब्दांश के अंत में त्र लगाकर ​​शब्दांश के अंत में त्र लगाने से भी एक विशेष वर्ग के शब्द रचे जाते हैं।​(२६) जनन से जुडा जनित्र (Generator) ​फिर  Electric Generator =विद्युत जनित्र।​(२७) गिनती करनेवाले उपकरण Counter के लिए गणित्र।​(२८) खनन (खोदनेवाला औजार के लिए) खनित्र। ​(२९) और दलने (आटा पीसने) का काम करनेवाला उपकरण दलित्र होगा।​अस्तु।​​

सूचना: ऐसे अंत में त्र जोडकर काफी शब्द रचना के उदाहरण डॉ, रघुवीर जी ने आपके अतिविशाल शब्दकोश में दिए हैं।​अनुरोध: आलेख यदि समझने में कठिन लगा हो, तो अवश्य टिप्पणी दीजिए।​