प्रवक्ता न्यूज़

राम मंदिर के लिए विहिप ने हनुमद्शक्ति जागरण की ठानी, यू ट्यूब का लिया सहारा

नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद ने हरिद्वार कुंभ में लिए गए निर्णय के अनुरूप अगस्त महीने से शुरू हो रहे हनुमद्शक्ति जागरण अभियान की सफलता के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। विहिप नेता जुलाई महीने के मध्य में अयोध्या में समूचे देश से प्रमुख कार्यकर्ताओं और संतों को एकत्रित कर जहां 16 अगस्त, 2010 से शुरू हो रहे जागरण अभियान की सफलता के लिए गहन मंथन करेंगे वहीं विभिन्न संचार माध्यमों पर भी विहिप ने अपनी नजरें गड़ा दी हैं।

परंपरागत समाचार माध्यमों के अतिरिक्त विहिप ने इस बार यू ट्यूब पर विडियो फिल्में अपलोड करने का काम भी शुरू कर दिया है। राम मंदिर आंदोलन के बारे में जनता को जानकारी दने के लिए विहिप ने इस बार डाक्यूमेंट्री फिल्मों का सहारा लिया है। ये फिल्में यू ट्यूब पर अपलोड कर दी गई हैं। और तो और इन फिल्मों की सीडी को बड़ी संख्या में देश के कोने-कोने में भेजा जा रहा है।

प्रवक्ता संवाददाता ने ऐसे ही एक यू ट्यूब लिंक को देखकर जब विहिप नेताओं से संपर्क किया तो उन्होंने स्वीकार किया कि राम मंदिर आंदोलन को गरमाने के लिए आधुनिक मीडिया के सभी संस्करणों के बारे में विहिप उत्सुकता से काम कर रही है। फिलहाल यह काम स्वतंत्र एजेंसियों के हवाले किया गया है लेकिन आगे बड़े पैमाने पर स्वयं विहिप के कार्यकर्ता विडियो फिल्मों के निर्माण का काम हाथ में लेंगे। हनुमद्शक्ति जागरण के संदर्भ में विहिप द्वारा बनायी गई विडियो सामग्री को यूट्यूब पर निम्नांकित लिंक को क्लिक करके देखा जा सकता है।

https://www.youtube.com/user/vhvoice#p/u/0/1pYIEzXRLjY

https://www.youtube.com/user/vhvoice#p/u/1/IRUoL1SPUr0

https://www.youtube.com/user/vhvoice#p/u/2/qCd3AR159Qk