उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछनी शुरू हो चुकी है। सपा, बसपा, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी अपने सहयोगियों को खोजने में लगे हुए हैं। सीटों के बंटवारे हो रहे हैं। हर दल और हर गठबंधन सत्ता में आने के लिए उतावला दिखाई देता है।इसी समय राज्य की कुल 403 विधानसभा सीटों के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। पिछले चुनावों के ऐतिहासिक आंकड़े, वर्तमान में सीटों मांग और भविष्य के चुनावी समीकरण इस गठबंधन की दिशा तय करने वाले हैं।
2022 में दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। जिसका लाभ उस समय भाजपा को मिला था। इस बार दोनों दल चाहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी को उनकी फूट का लाभ न मिले और जिस प्रकार लोकसभा चुनाव 2024 में दोनों ने मिलकर बीजेपी के लिए एक बड़ी चुनौती पेश की थी, उसी प्रकार विधानसभा चुनाव में भी उसे फिर चुनौती दी जाए और प्रदेश में सरकार बनाई जाए।
अब से पहले 2017 में भी दोनों पार्टियों ने मिलकर चुनाव लड़ा था। तत्कालीन समझौते में सपा ने कांग्रेस को आधिकारिक तौर पर 105 सीटें दी थीं। इसके उपरांत भी कांग्रेस ने नौ अन्य सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए थे। चुनाव में ईवीएम पर चुनावी धांधली का आरोप लगाने वाली कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी का 403 सीटों वाली उत्तर प्रदेश विधानसभा में सपा के साथ मिलकर मात्र 100 सीटों पर संतुष्ट होना स्पष्ट करता है कि वह अपनी हार प्रारंभ से ही मानकर चलती है। 2017 के चुनाव में कांग्रेस 114 सीटों पर लड़ने के उपरांत भी केवल 7 सीटों पर जीत प्राप्त कर सकी थी । तब उसका वोट शेयर केवल 6.25% रहा था। उस चुनाव में समाजवादी पार्टी भी कोई बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। परंतु कांग्रेस की अपेक्षा उसका प्रदर्शन कहीं अधिक उल्लेखनीय रहा था। क्योंकि उसे उस समय 47 सीटों पर विजय प्राप्त हुई थी। जबकि भाजपा का गठबंधन उस समय 325 सीटों पर शानदार जीत प्राप्त कर सरकार बनाने में सफल हुआ था।
2022 में कांग्रेस ने अकेले 399 सीटों पर चुनाव लड़ा। जब चुनाव परिणाम आया तो कांग्रेस का भ्रम टूट गया। क्योंकि उसे केवल दो सीटों पर ही सफलता प्राप्त हो सकी। इस बार उसका मत प्रतिशत भी गिरकर 2.37% रह गया। जबकि सपा ने 347 सीटों पर चुनाव लड़कर 111 सीटों पर विजय प्राप्त की । उसका वोटिंग परसेंटेज भी 32% से अधिक हो गया। जिसके चलते वह विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल के रूप में सम्मानित स्थान प्राप्त करने में सफल हुई।
अब 2027 के विधानसभा चुनाव बहुत निकट हैं । सारी राजनीतिक पार्टियां चुनाव जीतने की रणनीति बनाने में लगी हुई हैं । कांग्रेस ने स्वयं ही सपा के सामने प्रस्ताव रख दिया है कि यदि वह 100 सीट कांग्रेस के लिए छोड़ने को तैयार हो तो वह इस विधानसभा चुनाव में उसके साथ गठबंधन कर सकती है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने प्रारंभ में अपने लिए 181 सीटों पर दावेदारी ठोकी थी । परंतु अब उसे अपनी वास्तविकता का बोध हो गया है, इसलिए स्वयं ही 100 सीटों पर आ गई है।
‘ द वीक’ (The Week) की 15 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, सपा कांग्रेस की इस मांग को अव्यावहारिक मान रही है और उसे 100 से कम (संभवतः 30 से 40 या अधिकतम 75) सीटें देने के पक्ष में है। इससे पता चलता है कि सपा की दृष्टि में कांग्रेस की कीमत क्या है? सपा जानती है कि कांग्रेस का कोई जनाधार नहीं है। दूसरी बात यह भी है कि समाजवादी पार्टी यह भी चाहती है कि कांग्रेस धीरे-धीरे ‘राजनीतिक मृत्यु’ को प्राप्त हो जाए। क्योंकि ‘कांग्रेसविहीन’ उत्तर प्रदेश ही सपा के अनुकूल होगा। राजनीति में शत्रु से अधिक खतरनाक मित्र होते हैं और राजनीति का यह सिद्धांत हर क्षण काम करता रहता है। राजनीति के जंगल में जो आपके बिल्कुल निकट होता है, वही आपका शत्रु होता है। कांग्रेस के रणनीतिकारों को राजनीति के इस सिद्धांत को समझना होगा। यदि सपा उसे 50 से 75 सीटें दे देती है तो उसके लिए यह कितना अनुकूल होगा- इस पर भी विचार करना चाहिए।
अपने बलबूते पर खड़ा होने के लिए पार्टी को सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़नी होगी । यह लड़ाई भी केवल भाजपा को गाली देने वाली न होकर जनता के दिल में उतरकर स्थान बनाने के लिए लड़ी जाने वाली लड़ाई होनी चाहिए। तभी पार्टी का कल्याण हो सकता है।
” 2017 में 114 सीटों पर लड़कर कांग्रेस का स्ट्राइक रेट लगभग 6% (7 सीटें) रहा था। 2022 में कांग्रेस के उम्मीदवारों को प्रति सीट औसतन लगभग 5,200 वोट मिले थे। राजनीतिक विश्लेषकों और पिछले विधानसभा आंकड़ों के आधार पर, यदि कांग्रेस को उसकी मांग के अनुसार समाजवादी पार्टी से 100 सीटें मिलती भी हैं, तो उसकी जीत पूरी तरह सपा के कोर वोट बैंक (यादव-मुस्लिम और पीडीए) के ट्रांसफर पर निर्भर करेगी। 2024 के लोकसभा चुनाव में विधानसभा वार बढ़त के पैटर्न को देखें तो मजबूत गठबंधन की स्थिति में कांग्रेस 15 से 25 सीटों के बीच सिमट सकती है। यदि वोट ट्रांसफर 2017 की तरह कमजोर रहा, तो यह आंकड़ा दहाई का अंक छूने में भी संघर्ष कर सकता है।”
2024 के लोकसभा चुनावों के परिणाम से स्पष्ट होता है कि यदि कांग्रेस और सपा मिलकर चुनाव लड़ते हैं तो अल्पसंख्यक वोट का बिखराव रुक जाएगा। इसके अतिरिक्त एससी/ एसटी और ओबीसी से भी कुछ लोग इन दोनों पार्टियों को अपने लिए बेहतर विकल्प समझ सकते हैं।
परंतु यदि सपा कांग्रेस को 100 या उससे अधिक सीटें गठबंधन में देती है तो कई ऐसी सीटें होंगी जिन पर सपा को हानि पहुंचनी निश्चित है। क्योंकि ऐसे गठबंधनों में यह भी देखा जाता है कि जब कोई पार्टी किसी दूसरी पार्टी से गठबंधन करती है तो यह जरूरी नहीं होता कि उसका वोटर दूसरी पार्टी के प्रत्याशी को भी अपना प्रत्याशी मानकर समर्थन देगा। कई बार यह भी अनुभव हुआ है कि गठबंधन वोट के बिखराव को नहीं रोक पाता।
यह बात तब और अधिक विचारणीय हो जाती है जब सपा और कांग्रेस के गठबंधन के लिए आगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 10 वर्ष का काम खड़ा होकर चुनौती दे रहा हो। ये दोनों पार्टी ‘सत्ता विरोधी लहर ‘ को अपने लिए आधार बनाकर चुनाव मैदान में उतरना चाहती हैं। परंतु अभी ऐसा कुछ आभास नहीं हो रहा जिससे यह कहा जा सके कि कोई सत्ता विरोधी लहर उत्तर प्रदेश में चल रही है।
2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अकेले 255 सीटें (41.29% – 41.99% वोट) और एनडीए गठबंधन के साथ कुल 273 सीटें जीती थीं, जो बहुमत के जादुई आंकड़े (202) से काफी अधिक थीं। यदि कांग्रेस और सपा का गठबंधन सफल होता है तो चुनावी विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा को 40 – 50 सीटों का नुकसान हो सकता है। जिन सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी 10000 या उससे कम के अंतर से जीत प्राप्त कर सके थे, उन पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में भाजपा चाहेगी कि चंद्रशेखर आजाद (आसपा) और असदुद्दीन ओवैसी (AIMIM) के गठबंधन को खुलकर खेलने दिया जाए। क्योंकि इन दोनों का गठबंधन सपा और कांग्रेस को कमजोर करेगा। इन दोनों के गठबंधन को जितनी ही सफलता मिलेगी भाजपा की जीत उतनी ही सुनिश्चित होगी। फिर भी इतना तो निश्चित है कि भाजपा को सत्ता में लौटने के लिए अपना वोटिंग परसेंटेज 40% तो रखना ही पड़ेगा। इसी प्रकार सपा कांग्रेस गठबंधन के लिए भी इतना ही वोटिंग परसेंटेज प्राप्त करना आवश्यक होगा। सपा 300 या उससे अधिक सीटों पर जब अपना मजबूत जनाधार बनाकर चलेगी तभी वह उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन कर पाएगी।
कुल मिलाकर यही कहा जा सकता है कि 2027 का चुनाव इस बात पर निर्भर करेगा कि अखिलेश यादव कांग्रेस को कितनी सीटों पर सहमत कर पाते हैं और क्या विपक्ष 2024 की तरह भाजपा के मजबूत वोट बैंक में सेंध लगाने में कामयाब हो पाता है या नहीं।