विश्ववार्ता

ताइवान के बारे में शी जिनपिंग का बयान चिंताजनक

हाल ही में बीजिंग में क्रांतिकारी नेता सन यात-सेन की 160 वीं जयंती के अवसर पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ताइवान को लेकर अपने देश चीन का बड़ा दृष्टिकोण एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि “ताइवान की आजादी के लिए कोई गुंजाइश नहीं है” और “मातृभूमि का पूर्ण एकीकरण” चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) का एक अटल ऐतिहासिक मिशन है, जिसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। शी जिनपिंग का यह बयान न केवल ताइवान के प्रति बीजिंग की आक्रामक नीति को दर्शाता है, बल्कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव की ओर भी इशारा करता है। चीन और ताइवान के बीच के जटिल संबंध, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और ताइवानी नागरिकों पर चीन के बढ़ते दबाव व अत्याचारों के आरोपों को समझना वर्तमान वैश्विक राजनीति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से तब जबकि सभी वैश्विक मंचों से प्रत्येक देश और वर्ग संप्रदाय के लोगों की आजादी की बात रह रहकर की जाती हो। विश्व के नेताओं को या तो सभी देशों के लोगों की आजादी संबंधी अपने बयानों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए या फिर ताइवान समेत प्रत्येक देश के नागरिकों की स्वतंत्रता को सुनिश्चित करने के लिए ठोस उपाय करना चाहिए। दोनों बातें एक साथ यदि चलाई जा रही हैं तो इसे राजनीतिक पाखंड ही कहा जा सकता है। जिससे नेता आभाशून्य होते हैं।
चीन और ताइवान के बीच विवाद की जड़ें 1949 के चीनी गृहयुद्ध से जुड़ी हैं। इस युद्ध में माओत्से तुंग के नेतृत्व वाली कम्युनिस्ट सेना ने चियांग काई-शेक की राष्ट्रवादी सरकार (कुओमिंतांग) को पराजित कर मुख्य भूमि चीन पर कब्जा कर लिया और ‘पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना’ (पीआरसी) की स्थापना की। पराजित राष्ट्रवादी नेता भागकर ताइवान द्वीप चले गए और वहां ‘रिपब्लिक ऑफ चाइना’ (आरओसी) की सरकार को जारी रखा।
तब से लेकर आज तक ताइवान एक स्वतंत्र लोकतांत्रिक देश के रूप में काम कर रहा है। उसका अपना संविधान, लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार, स्वतंत्र न्यायपालिका, अपनी मुद्रा और अपनी सेना है। एक स्वाधीन और संप्रभु राष्ट्र की सारी अपेक्षाएं ताइवान पूरी करता है। यद्यपि एक स्वाधीन और संप्रभु ताइवान राष्ट्र के नाम से ही घृणा करता है उसे इस प्रकार का स्वाधीन ताइवान फूटी आंख भी नहीं सुहाता। ‘एक चीन सिद्धांत ‘ के अंतर्गत चीन ताइवान के संदर्भ में बार-बार कहता रहा है कि वह चीन का अविभाज्य अंग है अर्थात उसकी स्वाधीनता चीन को स्वीकार नहीं है।
अंतर्राष्ट्रीय कूटनीतिक संबंधों का निर्वाह करते हुए दोनों देश परस्पर अच्छे आर्थिक और व्यापारिक संबंध भी रखते हैं, परंतु राजनीतिक स्तर पर दोनों के बीच गहरे मतभेद हैं। कब दोनों के मध्य युद्ध भड़क जाए, कुछ नहीं कहा जा सकता।
15 नवंबर 2012 को चीन की सत्ता पर विराजमान हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बारे में सारा विश्व जानता है कि उन्होंने किस प्रकार चीन के राष्ट्रपति के अधिकतम 10 वर्ष के दो कार्यकालों को समाप्त कर अपने आप को वहां का आजीवन सत्ताधीश मनोनीत करवाया है ? उन्होंने अपनी मनमानी चलाकर हर बार यह आभास कराया है कि वह एक तानाशाह हैं और लोकतंत्र में उनकी कोई रुचि नहीं है। ऐसे शासनाध्यक्ष से आप यह अपेक्षा नहीं कर सकते कि वह किसी देश की स्वाधीनता के बारे में सोच भी सकता है ? उदार और मानवीय दृष्टिकोण अपनाने वाले शासक ही दूसरों का सम्मान करना जानते हैं। उनका अपने पूर्ववर्ती चीनी नेताओं की इस नीति में कभी विश्वास नहीं रहा कि वह ताइवान को लेकर यथास्थिति बनाए रखेंगे और आर्थिक एकीकरण को अपनाने पर काम करते रहेंगे। शी जिनपिंग ने स्पष्ट कर दिया है कि वह ताइवान के विलय को अपनी विरासत और चीनी राष्ट्र के महान कायाकल्प के रूप में देखते हैं। वह चाहते हैं कि ताइवान ‘ एक देश दो व्यवस्थाओं’ के फार्मूले को अपनाये। ताइवान और उसके निवासी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की इस व्यवस्था को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। वह अपनी संप्रभुता और स्वाधीनता का सम्मान पहले रखते हैं।
ताइवान के लोगों के सामने हांगकांग का उदाहरण है। जहां चीन ने अपनी तानाशाही का परिचय देते हुए उसकी स्वायत्तता और स्वाधीनता को कुचल कर रख दिया। उसके बारे में भी चीन के कुछ ऐसे ही विचार थे, जैसे आज वह ताइवान के बारे में रखता है। उस समय वह हांगकांग के लोगों को भी यही कहता रहा था कि वह उनकी स्वायत्तता का सम्मान करता है। परंतु अपना शिकंजा कसने में सफल होने के बाद चीन ने हांगकांग के लोगों के सारे मौलिक अधिकारों को समाप्त कर दिया है। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून थोपकर वहां के लोकतंत्र, प्रेस की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों को कुचल कर रख दिया गया है । ऐसे चीन पर ताइवान के लोग भरोसा करने को तैयार नहीं हैं । वह सोचते हैं कि यदि उन्होंने हांगकांग के लोगों की तरह चीन का विश्वास कर लिया तो एक दिन हमारा भी वही हाल हो जाएगा जो हांगकांग के लोगों का हो चुका है।
यद्यपि ताइवान पर चीन का सीधा प्रशासनिक नियंत्रण नहीं है, फिर भी बीजिंग ताइवान को डराने, धमकाने और हड़काने का हर संभव प्रयास करता रहता है। ताइवान के लोगों पर वह मनोवैज्ञानिक और राजनीतिक दबाव बनाए रखने का प्रयास करता है। जिससे कि वे लोग स्वाधीनता संबंधी विचारों को त्यागने के लिए मजबूर हो जाएं।
चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ताइवान पर मनोवैज्ञानिक दबाव डालने के लिए ताइवान के हवाई क्षेत्र और समुद्री सीमा के निकट जाकर बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास करती है। चीन इस बहाने अपनी सैन्य क्षमताओं का प्रदर्शन कर ताइवान को अपने दबाव में लेने का प्रयास करता है। अंतरराष्ट्रीय नियमों और कानून के अंतर्गत चीन की ऐसी हरकत को उसके नौसैनिक जहाजों की घुसपैठ कहां जाना ही उचित होगा। परंतु अपनी दादागिरी दिखाते हुए चीन इस प्रकार की घुसपैठ को घुसपैठ मानने को तैयार नहीं है। उसकी सोच एक तानाशाह की सोच है , जो यह मानता है कि वह जो कुछ भी करता है वही उचित है और जो कुछ बोल देता है वही कानून हो जाता है। चीन की इस प्रकार की हरकत से ताइवान के लोगों में एक सुरक्षा का भाव उत्पन्न होता है और यही चीन चाहता भी है। जब ताइवान के लोग अपने आप को हर पल असुरक्षित अनुभव करेंगे, तभी वे चीन के साथ जुड़ने की सोच सकते हैं। इस प्रकार ऐसा करके चीन उनके आत्म स्वाभिमान को चोटिल करता है। जिसका चीन को नैतिक अधिकार नहीं है।
संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद में चीन की स्थायी सीट होने का उसे इतना घमंड है कि वह यह सोचकर चलता है कि उसके ऊपर कोई नहीं है। इससे यह सिद्ध होता है कि संयुक्त राष्ट्र अपने आप में एक असफल हो गई संस्था है। क्योंकि इसका जन्म सभी देशों के आत्म सम्मान को बनाए रखने के लिए किया गया था और जिन पांच देशों को वीटो पावर दी गई थी, उनसे यह अपेक्षा की जाती थी कि वह संसार में कहीं पर भी किसी भी प्रकार के शोषण का विरोध करेंगे। परंतु हो यह गया है कि वीटो पावर रखने वाले पांचों देश दादागिरी दिखा रहे हैं। जिसके परिणामस्वरुप सारे संसार में शोषण, अत्याचार और दमन यथावत बने हुए हैं।
संयुक्त राष्ट्र में वीटो पावर रखने वाला चीन अपने आर्थिक और कूटनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए ताइवान को वैश्विक मंचों से बाहर रखता है। उसके प्रभाव वाले देश चीन के इस प्रकार के प्रयासों का समर्थन करते हैं। जिसके कारण ताइवान को अपने अस्तित्व को बचाए रखने के लिए विभिन्न प्रकार के कष्टों और दबावों से गुजरना पड़ रहा है। संयुक्त राष्ट्र एक आशा है संस्था बन चुकी है। इसके रहते कमजोर देश अपनी स्वाधीनता की रक्षा करने के लिए आज भी कई प्रकार के अत्याचारों को झेलने के लिए मजबूर हैं। चीन की दादागिरी के चलते अधिकांश देश ऐसे हैं जो उससे अपने राजनीतिक संबंध नहीं रखते हैं। कुछ ही देश हैं जो ताइवान के साथ अपने औपचारिक राजनयिक संबंध रखते हैं।
चीन इतने पर ही संतोष नहीं करता है । वह इससे भी आगे बढ़कर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और संयुक्त राष्ट्र (UN) जैसी संस्थाओं में भी ताइवान की भागीदारी को रोकता है। कोरोना काल में भी चीन ने अपनी तानाशाही का परिचय देते हुए ताइवान को स्वास्थ्य सूचनाओं से वंचित रखवाने का प्रयास किया था। जिसके चलते ताइवान के करोड़ों निवासियों को कई प्रकार के कष्ट झेलने पड़े थे। तब कोई भी मानवाधिकारवादी संगठन या व्यक्ति चीन के खिलाफ नहीं आया था।
मुख्य भूमि चीन में काम करने या यात्रा करने वाले ताइवानी नागरिकों, शिक्षाविदों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को अक्सर चीनी एजेंसियों के दमन और अत्याचार का सामना करना पड़ता है। जो लोग ताइवान की स्वतंत्रता का समर्थन करते हुए पाए जाते हैं, उनके लिए चीन ने मृत्युदंड या आजीवन कारावास की सजा देने वाले कानूनबनाए हैं। चीन की इस प्रकार की हरकतों से ताइवान के लोगों में एक अजीब सी दहशत देखी जाती है।
चीन ताइवान के किसानों और व्यवसायों पर दबाव बनाने के लिए अचानक ताइवानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगा देता है। इसके अलावा, ताइवान के सरकारी संस्थानों, अस्पतालों और मीडिया पर प्रतिदिन लाखों साइबर हमले किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य ताइवान की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करना है।
ऐसी परिस्थितियों में हमको यह मान लेना चाहिए कि शी जिनपिंग का यह संकल्प कि ताइवान की आजादी के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा, विश्व शांति के लिए एक गंभीर चुनौती है। चीन के नेता का यह बयान लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले सभी देशों और विश्व नागरिकों के लिए चिंता चिंतन का विषय है।

डॉ राकेश कुमार आर्य