राजनीति

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के मायने

वीरेंद्र सिंह परिहार 

          कांग्रेस पार्टी और दूसरे विपक्षी दलों का रवैया पूरी तरह से माफिया जैसा है। जैसे माफिया कहता है 2 करोड़ दो नहीं तो हत्या कर देंगे, एक करोड़ दो नहीं तो बेटे को उठा लेंगे। इसी तरह कांग्रेस पार्टी की भी कार्यपद्धति है। एसआईआर/ज्ञानेश कुमार को हटाओ नहीं तो नेपाल और बाग्लादेश जैसे खून-खराबा होगा। ज्ञानेश कुमार को जेल भेजने की बात करना, देशद्रोही कहना, सभी उसी प्रक्रिया का हिस्सा है। कांग्रेस पार्टी यदि तेलंगाना, हिमाचल, कर्नाटक में जीतती है तो वोट चोरी नहीं। 2024 के लोकसभा चुनाव में यू.पी. में 80 में 42 सीटें विपक्ष जीतता है, फिर भी वोट चोरी हो रही है। विपक्षी कहते हैं कि 2024 का चुनाव मोदी ने वोट चोरी से जीता जबकि 2024 में भाजपा को मात्र 240 सीटें मिली। बड़ी बात यह कि उस समय ज्ञानेश कुमार मुख्य निर्वाचन आयुक्त भी नहीं थे।

          गौर करने की बात है कि विपक्षी पार्टिया पहले भाजपा पर ईवीएम से चुनाव जीतने का आरोप लगाती थीं. उसकी हवा निकल गई तो ‘वोट चोरी’ की बात हो रही है। जानकार लोगो का मानना है कि कम-से-कम कांग्रेस पार्टी के पास अपनी सैकड़ो चुनावों में हुई पराजयों का कारण बताने का अपने कैडर के लिये समुचित आधार नहीं है। इसीलिये इस तरह से साय-पटाय और बेतुकी बाते हो रही है। बड़ी बात यह कि देश का मतदाता भी सब कुछ समझता है, इसीलिये ऐसे लोकतंत्र विरोधी भावना से भरे आन्दोलन को कोई समर्थन मिल नहीं रहा। 1 नवम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में दस लाख लोगो को इकट्ठा करना था पर यह संख्या शायद 50 हजार भी नहीं पहुँच पाई। तभी तो रामलीला मैदान में हजारों कुर्सियां खाली पड़ी थी।

          राहुल गांधी और दूसरे विपक्षी दल देश में लोकतंत्र बचाने के नाम पर अराजकता फैला रहे हैं। उनका प्रयास है कि किसी तरह से देश में अव्यवस्था एवं अराजकता उत्पन्न हो, देश में श्रीलंका, बाग्लादेश और नेपाल जैसे देशों में ‘जेन-जी’ ने हिंसक क्रान्ति की, उसी तरह की खूनी क्रान्ति हो और मोदी सरकार को अपदस्थ कर उनके सत्ता में आने का मार्ग खुल सके। पर विपक्षी दलों को यह पता होना चाहिए कि उन देशों पर यह सब इसलिये हुआ कि वहाँ के सिर्फ सत्ताधारी लोगो पर ही नहीं विपक्षी राजनीतिज्ञों पर से भी जनता का विश्वास उठ गया था। जबकि भारत में युवा पीढ़ी को प्रधानमंत्री मोदी पर सर्वाधिक भरोसा एवं विश्वास है। यह बात सिर्फ दिल्ली विश्वविद्यालय ही नहीं, पंजाब और दूर-दराज के दूसरे विश्वविद्यालयों से भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जो छात्र संघ के चुनाव जीते हैं, उससे प्रमाणित होता है। हाल के जनमत सर्वे भी यह बताते हैं कि ‘जेन-जी’ का सर्वाधिक समर्थन प्रधानमंत्री मोदी को ही प्राप्त है और ऐसा हो भी क्यों न, आज जब अमेरिका जैसे सर्वाधिक शक्तिशाली देश मुद्रा स्फीति और मंहगाई से पीड़ित हैं, यूरोप में अधिकांश युवा असंतोष के चलते सड़कों पर निकल पडे़ हैं। वहीं भारत विश्व में सर्वाधिक विकास-दर वाला देश ही नहीं बन गया है बल्कि बड़ी हकीकत यह है कि भारत से पंगा लेने वाले चाहे ट्रडो या ट्रम्प उनकी हालत अपने देश में ही विषम एवं जटिल हो चली है।

          वस्तुतः निर्वाचन आयोग द्वारा कराया जाने वाला एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं, आजादी के बाद मतदाता सूची के शुद्धीकरण के लिये 12 बार यह प्रक्रिया अपनाई गई है, जिसमें 10 बार यह कांग्रेस के शासनकाल में हुई। तो यदि कांग्रेस के शासनकाल में यह उचित था तो एनडीए के शासन में अनुचित केसे हो गया ? ऐसी स्थिति में यह समझा जा सकता है कि कांग्रेस समेत दूसरे विपक्षी दलों का एसआईआर का विरोध मात्र देश की जनता को गुमराह कर अराजकता फैलाना है। असलियत यह है कि कांग्रेस पार्टी और समूचा विपक्ष चाहता है कि एसआईआर की प्रक्रिया को असफल किया जाये ताकि घुसपैठिये देश के मतदाता बने रहें, देश में मतदाता सूचियों में फर्जीवाड़ा चलता रहे और विपक्ष जो देश में येन-केन’प्रकारेण किसी तरह से सत्ता पाना चाहता है, उसके उद्देश्य की पूर्ति हो सके।

          अब इधर कांग्रेस पार्टी ने एक और जुमला उछाला है। वह यह कि देश की 50 सीटों पर वोट डाले गये कुछ और गिने गये कुछ। जैसे मुम्बई नार्थ लोकसभा सीट जहाँ पर भाजपा के पीयूष गोयल 2024 के लोकसभा चुनाव में निर्वाचित हुये थे। वहाँ पर कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 12 हजार 115 थी जिसमें वोट पड़े 10 लाख 36 हजार 496. वोट, जो गिने गये उनकी संख्या थी 10 लाख 35 हजार 731, 762 मत अवैध थे, इसलिये उनकी गिनती नहीं की गई। अब जो मत पड़े ही नहीं, उनको कांग्रेस पार्टी वोट चोरी बता रही है। यानी कांग्रेस पार्टी के अनुसार शत-प्रतिशत मतदाताओं के वोट पड़ते हैं। है न कांग्रेस पार्टी के गजब के तर्क। यह भी उल्लेखनीय है कि इनमें कई सीटें विरोधी दलों ने जीती। जैसे बीड की सीट एन.सी.पी. ने जीती थी। यह भी उल्लेखनीय है कि 17 सी के फार्म में पड़े वोटो का पूरा व्यौरा रहता है पर कांग्रेस पार्टी और युवराज के तर्क तो अलग ही होते हैं।

          बड़ी बात यह कि राहुल गांधी और विपक्षी इस मामले में न तो संसद में बहस के लिये तैयार हैं। संसद तो ये लोग हंगामा कर चलने नहीं देते। न ही इस मामले में शीर्ष अदालत के आदेशों को ही मानने के लिये तैयार हैं। यह देश के लोगो को पता होना चाहिए कि अभी तक देश के सर्वोच्च न्यायालय ने भी एसआईआर को निर्वाचन आयोग का संवैधानिक कृत्य और अधिकार माना है और इस सम्बन्ध में निर्वाचन आयोग के कार्यों को लेकर भी ऐसी कोई टिप्पणी तक नहीं की है, जिसे विधि विरूद्ध कहा जा सके। अलबत्ता लम्बे समय से सत्ताविहीन कांग्रेस जल विहीन मछली की तरह छटपटाकर साय-पटाय तो बोल ही रही है, देश विरोधी कृत्य करने पर भी आमादा है।

          उपरोक्त संविधान विरोधी, लोकतंत्र विरोधी और यहाँ तक देश विरोधी प्रवृत्तियों और प्रयासों के चलते ही भाजपा के प्रमुख नेताओं द्वारा देश एवं प्रदेश के प्रमुख शहरों में लोकतंत्र बचाओ, आराजकता हटाओ नारे को लेकर पदयात्रा एवं रैलियाँ आयोजित की गई जिनका देश की जनता ने बढ़-चढ़कर गर्मजोशी से स्वागत किया।

वीरेंद्र सिंह परिहार