‘भारत जोड़ो यात्रा’ राजनीतिक महत्वाकांक्षा की उडान

1
769

– ललित गर्ग-
भारत की माटी में पदयात्राओं का अनूठा इतिहास रहा है। असत्य पर सत्य की विजय हेतु मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम द्वारा की हुई लंका की ऐतिहासिक यात्रा हो अथवा एक मुट्ठी भर नमक से पूरा ब्रिटिश साम्राज्य हिला देने वाला 1930 का डाण्डी कूच, बाबा आमटे की भारत जोड़ो यात्रा हो अथवा राष्ट्रीय अखण्डता, साम्प्रदायिक सद्भाव और अन्तर्राष्ट्रीय भ्रातृत्व भाव से समर्पित एकता यात्रा, यात्रा के महत्व को अस्वीकार नहीं किया जा सकता। भारतीय जीवन में पैदल यात्रा को जन-सम्पर्क का सशक्त माध्यम स्वीकारा गया है। ये पैदल यात्राएं सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनैतिक यथार्थ से सीधा साक्षात्कार करती हैं। लोक चेतना को उद्बुद्ध कर उसे युगानुकूल मोड़ देती हैं। इनदिनों कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा चर्चा में हैं, यह एक राजनीतिक महत्वाकांक्षा की यात्रा है। केरल के वायनाड के सांसद और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पिछले हफ्ते तमिलनाडु से शुरू हुई इस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 150 दिनों की अवधि में कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जानी है। इसका एक बड़ा मकसद 2024 के आम चुनावों की तैयारी माना जा रहा है। इस यात्रा को भारत जोड़ो यात्रा नाम दिया गया है, अच्छा होता भारत को जोड़ने से पहले कांग्रेस पार्टी भीतर से जुड़ जाती।
यह पदयात्रा ऐसे वक्त में निकली है, जब पार्टी का जनाधार सिकुड़ा है और तमाम दिग्गज एक-एक करके पार्टी को अलविदा कह रहे हैं, भारत जोड़ो यात्रा के जरिये कांग्रेस पार्टी अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश कर रही है, यह कोशिश कितनी कामयाब होती है, वक्त बतायेगा। कांग्रेस अपनी बात को किस हद तक लोगों तक पहुंचा पायी है, यह भविष्य के गर्भ में हैं। कांग्रेस की यह पदयात्रा जम्मू-कश्मीर में खत्म होने से पहले बारह राज्यों से गुजरेगी। यात्रा जहां नहीं जायेगी वहां सहायक यात्राएं निकाली जाएंगी। साथ ही हर राज्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। निस्संदेह, पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव के लिये अपने जनाधार को विस्तार देने की तैयारी में है। पार्टी का कहना है कि सत्तारूढ़ राजग सरकार के कार्यकाल में सामाजिक ध्रूवीकरण से राष्ट्रीय एकता को खतरा पैदा हुआ है। वहीं महंगाई व बेरोजगारी से त्रस्त समाज को राहत देने की ईमानदार कोशिश नहीं हो रही है। दरअसल, दक्षिण भारत में ध्रूवीकरण की राजनीति प्रभावी न होने के कारण कांग्रेस ने अपनी यात्रा यहां से शुरू करके दक्षिण में अपनी पकड़ मजबूत बनाने की कोशिश की है।
दिलचस्प तथ्य है कि पिछले साल फरवरी में जारी सी-वोटर के एक सर्वे के अनुसार, राहुल गांधी तमिलनाडु और केरल में प्रधानमंत्री पद के लिए पसंदीदा उम्मीदवार के तौर पर उभरे थे, जहां दूसरे नेताओं के मुकाबले उनका अंतर भी अच्छा खासा था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि पार्टी को पुनर्जीवित करने के लिए दक्षिण भारत से इस पदयात्रा की शुरुआत करने के पीछे यह भी एक बड़ा मकसद था। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, एक महत्वाकांक्षी राजनीतिक परियोजना है। इससे एक नेता के रूप में उनकी स्वीकार्यता की परीक्षा होगी और देश के मिजाज का पता चलेगा। श्री गांधी ने कहा कि यह यात्रा राष्ट्रीय ध्वज के मूल्यों के तले सभी भारतीयों को एकजुट करने की कोशिश है, जिसका मूल सिद्धांत विविधता है। प्रश्न है कि धर्म, जाति, सम्प्रदाय के नाम पर देश को जोड़ने की बजाय तोड़ने का काम करने वाली पार्टी का भारत जोड़ो को लक्ष्य एक छलावा है, एक प्रपंच है। कांग्रेस नेता ने कहा कि मौजूदा सरकार में हिंदुत्व की विचारधारा के साये में यह मूल्य अब खतरे में है। हिंदुत्व के कटु एवं मुखर आलोचक और विविधता और उदारवाद के पैरोकार श्री गांधी, कांग्रेस को पुनर्जीवित करने के लिए अब तक अपनी सोच के साथ पर्याप्त जन समर्थन नहीं जुटा पाए हैं। इस बीच, हिंदुत्व की विचारधारा इतनी लोकप्रिय हुई कि उसने दिल्ली पर दो बार सत्ता हासिल कर ली। श्री गांधी को इस बात के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा है कि वे लगातार सक्रिय रहने की सीमित क्षमता रखने वाले मौसमी राजनेता हैं। उनमें राजनीतिक परिपक्वता का अभाव है, वे देश की जनता से जुड़ी समस्याओं को उठाने में उतने गंभीर नहीं है, जितना उन्हें होना चाहिए। ऐसी राजनीतिक यात्राओं ने इतिहास और यहां तक कि हाल में भी कई नेताओं की किस्मत लिखने और विचारधारा को उर्वर बनाने का काम किया है। महात्मा गांधी से लेकर लालकृष्ण आडवाणी, चन्द्रशेखर तक इस बात की मिसाल हैं। इसलिए श्री गांधी को हर कदम पर उनके प्रशंसकों, आलोचकों और सबसे जरूरी तौर पर खुले विचारों वाले संशयवादियों द्वारा बारीकी से परखा जाएगा।
निस्संदेह, हर पदयात्रा के राजनीतिक निहितार्थ होते हैं। महात्मा गांधी ने दांडी यात्रा की शुरुआत ऐसे वक्त में की थी जब देश को आजादी के लिये जोड़ने एवं कांग्रेस में स्फूर्ति लाने की महती आवश्यकता थी। वहीं चंद्रशेखर भी पार्टी के आंतरिक राजनीतिक हालात से क्षुब्ध थे। लालकृष्ण आडवानी ने हिन्दुत्व को मजबूती देने के लिये यात्रा की। कमोबेश कांग्रेस पार्टी ऐसे ही संक्रमणकाल से गुजर रही है। नेतृत्व का प्रश्न भी उसके सामने है। लगातार निस्तेज होती पार्टी में प्राण-संचार करने का लक्ष्य भी है। भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे गांधी परिवार के शीर्ष नेताओं से केंद्रीय एजेंसियों की पूछताछ जारी है। अपने लंबे-चौड़े इस्तीफे में गुलाम नबी आजाद ने कहा भी कि देश जोड़ने के बजाय इस समय कांग्रेस को जोड़ने की जरूरत है। सवाल यह भी है कि आगामी 2024 के महासमर में राजग के मुकाबले के लिये विपक्षी एकता के प्रयासों की कड़ी में क्या विपक्षी दलों को भी पदयात्रा में शामिल नहीं किया जाना चाहिए था? इस बीच कुछ अन्य विपक्षी दलों द्वारा भी पदयात्रा शुरू करने की खबरें हैं। भले ही कांग्रेस पदयात्रा का लक्ष्य देश में धू्रवीकरण से उत्पन्न खतरों से लोगों को अवगत कराना, महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर जन दबाव बनाना बताती हो, मगर उसका मुख्य लक्ष्य तो राहुल गांधी की जन स्वीकार्यता में इजाफा करना ही है। भारत जोड़ो यात्रा की टैगलाइन- ‘मिले कदम, जुड़े वतन’ का नारा पार्टी के लिये कितना सार्थक होगा, यह आने वाला वक्त बताएगा, लेकिन इससे पार्टी संगठन में जान फूंकने में मदद अवश्य मिलेगी।  
कांग्रेस ने मई महीने में उदयपुर में संपन्न मंथन सत्र में इस यात्रा की घोषणा की थी। पार्टी को पुनर्जीवित करने के लिए उदयपुर में जो एलान हुए उन उपायों को आजमाए जाने पर ही यह यात्रा ज्यादा उपयोगी साबित होगी। भारत के तटस्थ लोगों की नाराजगी यह है कि सामान्य और प्रतिभाशाली कार्यकर्ताओं की कीमत पर परिवारवादियों ने कांग्रेस पार्टी के भीतर की सत्ता पर कब्जा कर रखा है। उदयपुर के सम्मेलन में पार्टी की अंदरुनी सत्ता में वंशवाद पर अंकुश लगाने का संकल्प लिया गया था, लेकिन अब तक यह कागज पर ही सिमटा हुआ है। कांग्रेस को अपनी परिवारवादी मानसिकता से उपर उठते हुए देश की बुनियादी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान केन्द्रित करना होगा। रोजगार जाने से लोगों की क्रयशक्ति घटी है, करोड़ों लोगों के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया है। महंगाई पर काबू पाने में सरकार विफल साबित हो रही है। आंकड़ों के खेल में जरूर यह कुछ घटती-बढ़ती रहती है, मगर धरातल पर आम लोगों को रोजमर्रा की चीजों के लिए भी बहुत सोच-समझ कर जेब में हाथ डालना पड़ता है। इसलिए यह मुद्दा भी कांग्रेस के लिए हथियार साबित हो सकता है। इसके अलावा किसानों, मजदूरों और भ्रष्टाचार से जुड़े मसले भी हैं, जिन्हें वह गिनाने से नहीं चूक रही। हालांकि महंगाई एक ऐसा मुद्दा है, जो हर विपक्षी दल के लिए सदा से चुनावी हथियार बनता रहा है। मगर असल बात यह कि ये अस्त्र तभी कारगर साबित हो सकते हैं, जब कांग्रेस अपनी अंदरूनी उथल-पुथल से बाहर निकल कर आम मतदाता का विश्वास जीत सके। रैलियां, आंदोलन और यात्राएं कुछ देर को लोगों को जरूर प्रभावित करती हैं, मगर उनके टिकाऊ होना का दावा तभी किया जा सकता है, जब पार्टी पर लोगों का भरोसा हो।

1 COMMENT

  1. “बोया पेड़ बबूल का, आम कहाँ ते होय?” केवल एक सार्वलौकिक लोकोक्ति ही नहीं बल्कि १८८५ में जन्मी इंडियन नेशनल कांग्रेस द्वारा “भारत जोड़ो यात्रा” अभियान उनके अब तक “भारत तोड़ो” अभ्यस्तता को चरितार्थ करती परिहासशील लोकोक्ति है! मैंने एक माह अपने पंजाब से सुदूर दक्षिण, कन्नियाकुमारी, तक रेल व पुदुच्चेरी से आलाप्पुड़ा तक बस में यात्रा की है और सोचता हूँ कि कन्नियाकुमारी से कश्मीर तक पद-यात्रा करते वायनाड के सांसद और कांग्रेस नेता यात्रा के बीच-समय उनके द्वारा बनाए गए इस “Mini-United Nations” में स्थानीय नागरिकों से किस भाषा में बातचीत करेंगे!

    कुछ वर्षों पहले कांग्रेस द्वारा इसी प्रकार की राजनीतिक नौटंकी, “जन आक्रोश रैली” पर टिप्पणी करते मैंने प्रवक्ता.कॉम पर अन्यत्र लिखा है, “… कांग्रेस की जन आक्रोश रैली रूपी अश्वमेध यज्ञ का घोड़ा दौड़ा रहा है| श्री राम का घोड़ा होता तो कोई उसे दाना पानी खिलाते प्रभु का मंगल-गान करता लेकिन पिछले सत्तर वर्षों में कांग्रेसी घोड़े ने तो केवल लीद के अतिरिक्त देश को और कुछ दिया ही नहीं!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

* Copy This Password *

* Type Or Paste Password Here *

15,481 Spam Comments Blocked so far by Spam Free Wordpress