कहां जाती हैं पकड़ी गई गायें —- 3

1
105

गाय और ग्लोबल वार्मिंग!

लिमटी खरे

दुनिया का चौधरी अमेरिका अब भारत की गौ माता पर अपनी कुदृष्टि डालने लगा है। अमेरिका को गाय फूटी आंख नहीं सुहा रही है इसका कारण है गाय के द्वारा किया जाने वाला ‘मीथेन‘ गैस का उत्सर्जन। मीथेन पर्यावरण के लिए अनुपयोगी होने के साथ ही साथ घातक मानी गई है। वैसे गाय से ज्यादा मीथेन गैस उंट द्वारा उत्सर्जित की जाती है। अमेरिकी वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले समय में वैश्विक जलवायू के लिए गाय, मोटर वाहनों की तुलना में ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती है। चारागाह से मांस पकाने की पूरी प्रक्रिया में होने वाले कार्बन का उत्सर्जन कुल ग्रीन हाउस गैस का अठ्ठारह फीसदी है। गौ मांस के भारत में चलते प्रचलन पर चिंतित अमरीकी वैज्ञानिक इस बात से खासे खौफजदा नजर आ रहे हैं कि भारत में गौ मांस की खपत में 40 फीसदी से ज्यादा बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। गौ मांस का सेवन करने वालों में तरह तरह की बीमारियां भी पनप रहीं हैं। हम सबकी गौ माता को अमेरिका ग्लोबल वार्मिंग का एक कारक मान रहा है!

दुनिया में कम ही एसे जीव जंतु हैं जो मानव जीवन के लिए उपयोगी माने जा सकते हैं। इन जीवों में गाय का अहम स्थान है। गाय पौराणिक काल से ही मनुष्यों के लिए पूजा, सेवा और अन्य उपयोग के लिए सर्वोच्च मानी गई है। अब गाय को ग्लोबल वार्मिंग का एक प्रमुख स्त्रोत माना जा रहा है। वैज्ञानिक कहते हैं कि एक गाय हर साल 180 किलो मीथेन गैस वायूमण्डल में छोड़ती है। कहा जा रहा है कि अगले तीन दशकों में दुनिया भर में गौ मांस और दूध का उत्पादन दोगुने से भी अधिक हो जाएगा।

दुनिया के चौधरी अमेरिका के वैज्ञानिकों का मत है कि आने वाले समय में गाय वैश्विक जलवायू के लिए पेट्रोल और डीजल से चलने वाले वाहनों से भी खतरनाक साबित हो सकती है। दरअसल आजादी के उपरांत भारत में लोगों की खानपान की शैली में बड़ा बदलाव दर्ज किया गया है। इसी समयावधि में दुनिया भर में कमोबेश यही परिवर्तन देखने को मिला है। मांस, मदिरा से दूर रहने वाले समुदाय और संप्रदाय में इसका चलन काफी हद तक बढ़ गया है। यही कारण है कि मांस की खपत में पांच गुना से ज्यादा बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है।

अमेरिका का ही उदहारण अगर लिया जाए तो वहां औसतन एक व्यक्ति साल भर में सवा सौ किलो मांस खा जाता है। प्रति व्यक्ति मांस की खपत चीन में 70 तो ब्राजील में 90 किलो है। हिन्दुस्तान में मांस की औसत खपत प्रति व्यक्ति महज तीन किलो है। यहां विचारणीय तथ्य यह है कि भारत में गौामंस और रेड मीट का स्वाद लेने वालों की तादाद में विस्फोटक बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है। दुनिया भर में सत्तर अरब से अधिक पशुओं को सिर्फ उनका मांस खाने के लिए पाला जा रहा है। पशुओं की आबादी मानव आबादी से दस गुना अधिक है। एक किलो मांस बढ़ाने के लिए गाय को औसतन 16 किलो अनाज खिलाया जाता है।

संेटर फॉर इंटरनेशनल फॉरेस्ट्री रिसर्च के 2004 के प्रतिवेदन के अनुसार ब्राजील में गौवंश के मांस की मांग के बढ़ने के कारण 2000 तक पांच करोड़ 87 लाख हेक्टेयर जंगल का सफाया किया गया था। गौ मांस खाने वालों के स्वास्थ्य पर किए सर्वेक्षण से साफ हुआ कि इसका सेवन करने वालों को तनाव और हृदय संबंधी रोग का खतरा अधिक हो गया था। एक देश से मांस को दूसरे देश ले जाते वक्त समुद्री संक्रमण और एक देश की बीमारी दूसरे देशों तक पहुंचने के मार्ग भी प्रशस्त होते गए। 2003 में एवियन फ्लू और इसके बाद नवोदित बीमारियों का कारण भी यही संक्रमण माना गया है।

जगह के हिसाब से भी गाय को राजसी मवेशी माना गया है। गाय को चरने के लिए बड़ा स्थान उसे चाहिए होता है। गाय एक ही स्थान पर खड़े खड़े अधिक देर तक चारा नहीं खा सकती। इस लिहाज से अगर देखा जाए तो एक किलो चिकन के उत्पादन के लिए जितनी जगह की आवश्यक्ता होती है उससे सात गुना अधिक जगह एक किलो गौमांस के लिए आवश्यक होती है। गाय को पर्यावरण हितैष्ज्ञी बनाने की कवायद आरंभ हो चुकी हैं।

गाय को लेेकर किए गए शोध में यह बात उभरकर सामने आई है कि बसंत के मौसम में गाय सबसे ज्यादा दूध देती है और उसका स्वास्थ्य भी बेहद अच्छा रहता है। इसके पीछे वैज्ञानिकों का मत था कि इस मौसम में उगने वाली घास में ओमेगा 3, चर्बीदार अम्ल की मात्रा अधिक होती है, जो उसके लिए लाभदायक होती है। इसके बाद इस अम्ल को गाय कि भोजन में शामिल किया गया तो इसके परिणाम उत्साहजनक सामने आए। इससे गाय के गैस उत्सर्जन में कमी दर्ज की गई। एक आंकलन के अनुसार कनाडा जैसे विकसित देश में ग्रीन हाउस गैस का उत्सर्जन हो रहा है, उसमें 75 फीसदी भागीदारी पशुओं के चारागाहों की ही है।

दरअसल गाय जब जुगाली करती है तब उसके पेट में गोबर के साथ ही साथ सह उत्पाद के तौर पर मीथेन गैस बनती है। यूरोप में गाय के सर्वमान्य और परंपरागत आहार भूसे और चारे के स्थान पर सोयाबीन और मक्का खिलाना आरंभ किया। इसके परिणामस्वरूप गाय के पेट में गैस का उत्सर्जन बढ़ गया। बाद में अमेरिका में पटुआ और रिजका जैसे पोष्टिक पदार्थों को गाय के आहार में शामिल किया गया, ताकि मीथेन का उत्सर्जन कम किया जा सके।

दिनों दिन धरती का तापमान बढ़ता ही जा रहा है। बार बार दुनिया में ग्लोबल वार्मिंग की चिंता बढ़ती जा रही है। जंगलों की कटाई कर कांक्रीट के जंगल खड़े किए जा रहे हैं। जंगल ही एकमात्र एसा साधन है जो धरती के ‘बुखार‘ को कम कर सकता है। गाय को ग्लोबल वार्मिंग से जोड़कर अमेरिका ने हमारी धार्मिक आस्था पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। समय है कि हम गाय के द्वारा किए जाने वाले मीथेन उत्सर्जन को कम करने की दिशा में पहल करें, वरना आने वाले कल की तस्वीर बेहद ही भयानक साबित हो सकती है।

 

——————————

 

मनमोहन नहीं चाहते ताकतवर लोकपाल

0 सोनिया के बैक सपोर्ट से हो रहे अण्णा के तेवर कड़े

0 बाबा रामदेव पर ढीली पड़ी सोनिया मण्डली की पकड़

0 अण्णा बाबा पर सरकार कड़क तो कांग्रेस नरम

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। एक तरफ कांग्रेसनीत केंद्र सरकार द्वारा समाजसेवी अण्णा हजारे और स्वयंभू योग गुरू बाबा रामदेव को नेस्तनाबूत करने की मंशा से कार्यवाही की जा रही है तो दूसरी तरफ कांग्रेस संगठन अब इन दोनों ही मामलों में नरम पड़ता नजर आ रहा है। सत्ता और संगठन के बीच चूहे बिल्ली के इस खेल में सभी की नजरें टिक गई हैं। मनमोहन सिंह के प्रमख सचिव टी.ए.के.नायर द्वारा लिखी गई पटकथा पर केंद्र सरकार मुजरा करती नजर आ रही है।

प्रधानमंत्री कार्यालय के भरोसेमंद सूत्रों का कहना है कि जब टूजी स्पेक्ट्रम मामले की लपटें प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह और नायर तक पहुंची तभी नायर ने आगे की स्क्रिप्ट लिख दी थी। उस समय जेपीसी की मांग पर पीएमओ पूरी तरह अड़ गया था। आदिमुत्थू राजा से संचार मंत्री पद लेकर पीएम ने अपने विश्वस्त कपिल सिब्बल को दिया और फिर सिब्बल ने आक्रमक अंदाज में हल्ला बोला।

सूत्रों ने आगे कहा कि संप्रग सरकार में हुए घपले घोटालों के बाद अगर लोकपाल के दायरे में प्रधानमंत्री को लाया गया तो सीधे सीधे यह गाज डॉ.मनमोहन सिंह पर ही गिरेगी, क्योंकि उनकी नजरों के सामने ही सब कुछ हुआ है। इसीलिए उन्हें समझाया गया कि चाहे जो हो जाए पीएम को लोकपाल के दायरे में नहीं लाया जाना चाहिए। सिविल सोसायटी के लोकपाल बिल को बोथरा करने के लिए मनमोहन मण्डली ने हर संभव प्रयास किए हैं। सूत्रों की मानें तो अन्ना अगर सौ सिर के भी हो जाएं तब भी लोकपाल के दायरे में पीएम नहीं आ सकते हैं।

निरंकुश हुए मंत्रियों को साईज में लाने के लिए पीएम द्वारा कवायद आरंभ की गई है। उधर कांग्रेस के सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र रहे दस जनपथ के सूत्रों का कहना है कि राजमाता श्रीमति सोनिया गांधी को समझाया गया है कि हाल ही के दिनों में मनमोहन निरंकुश हो गए हैं और उन्होंने मंत्रियों को अपनी ओर मिलाकर ताकतवर गुट बना लिया है। अपने बिना रीढ़ के सलाहकारों (सोनिया के सलाहकार कभी चुनाव नहीं जीते) के मशविरे पर सोनिया ने बाबा रामदेव और अण्णा हजारे के आंदोलन के मामले में नरम रूख अख्तियार कर लिया है।

गांधी परिवार के हिमायती अपने युवराज राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के मार्ग प्रशस्त करने में लगे हुए हैं। यही कारण है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सोनिया राहुल ने अपनी मौन सहमति दे रखी है। मामला चाहे सुरेश कलमाड़ी को कांग्रेस से बाहर करने का हो, अशोक चव्हाण को हटाने का हो या ए.राजा के त्यागपत्र का, हर मामले में कांग्रेस ने सख्ती दर्शाकर यह संदेश देने का प्रयास किया है कि सोनिया और राहुल दोनों ही भ्रष्टाचार बर्दाश्त करने की स्थिति में नहीं हैं।

उधर सूत्रों ने कहा कि सत्ता कैसे चलाई जाती है हमें मत सिखाईए की तर्ज पर कपिल सिब्बल ने पीएम को भरमाया और सत्ता और संगठन के बीच खाई गहरा गई। मामला चाहे बाबा रामदेव की एयर पोर्ट में अगवाई का हो या रामलीला मैदान में आधी रात के बाद हुई रावणलीला का, दोनों ही मामलों में सोनिया गांधी को अंधेरे में रखा गया। संभवतः यही कारण है कि सरकार से नाराज सोनिया गांधी ने अपने विदेश जाने का कार्यक्रम इस आपाधापी के बाद भी निरस्त नहीं किया।

 

————————

 

12 साल बाद आरटीओ पर कसा सीबीआई ने शिकंजा

0 एमपी के नौ आरटीओ को लिया जांच के दायरे में

0 चारा घोटाले से जुड़े मध्य प्रदेश के तार

0 दिग्विजय के शासनकाल में पदस्थ आरटीओ से होगी रांची में पूछताछ

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। लालू यादव के सत्ता के बाहर होने के बाद अब चारा घोटाले में सीबीआई का शिकंजा उन पर कसता जा रहा है। चारा घोटाले में मध्य प्रदेश के नौ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों को पूछताछ के लिए रांची तलब किया है। अधिकारियों से पूछताछ के उपरांत परिवहन व्यवासाईयों (ट्रांसपोटर्स) को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

सीबीआई के सूत्रों ने बताया कि चारा घोटाले में जिन परिवहन कार्यालयों से जारी परमिट और पंजीयन के नंबर चारा घोटाले में मिले हैं उनमें राजधानी भोपाल के तत्कालीन आरटीओ पी.एस.बम्हरोलिया, रीवा के व्ही. यादव, सतना के ए. सिंह, खण्डवा के संजय सोनी, जबलपुर के डी.के.जैन, खरगोन के एच. मुदगल, मंदसौर के एस.नागर, होशंगाबाद के अनिल श्रीवास्तव का नाम शामिल है।

सूत्रों ने आगे बताया कि चारा घोटाले में मध्य प्रदेश के ट्रक एवं अन्य वाहनों के होने के संकेत मिले हैं। सीबीआई यह जानने का प्रयास कर रही है कि कहीं किसी दबाव में आकर तो इन अधिकारियों द्वारा इन वाहनों के फर्जी परमिट तो जारी नहीं किए थे। यही कारण है कि अफसरान को उनके उपरोक्त वर्णित कार्यालयों में कार्य करने के दरम्यान जारी परमिट के साथ तलब किया गया है। इसमें यह देखा जा रहा है कि मध्य प्रदेश के कितने वाहनों को प्रदेश से बाहर परिवहन की अनुमति प्रदान की गई थी।

Previous articleकहां जाती हैं पकड़ी गई गायें —- 2
Next articleलड़की को लड़का बनाने की चाहत
हमने मध्य प्रदेश के सिवनी जैसे छोटे जिले से निकलकर न जाने कितने शहरो की खाक छानने के बाद दिल्ली जैसे समंदर में गोते लगाने आरंभ किए हैं। हमने पत्रकारिता 1983 से आरंभ की, न जाने कितने पड़ाव देखने के उपरांत आज दिल्ली को अपना बसेरा बनाए हुए हैं। देश भर के न जाने कितने अखबारों, पत्रिकाओं, राजनेताओं की नौकरी करने के बाद अब फ्री लांसर पत्रकार के तौर पर जीवन यापन कर रहे हैं। हमारा अब तक का जीवन यायावर की भांति ही बीता है। पत्रकारिता को हमने पेशा बनाया है, किन्तु वर्तमान समय में पत्रकारिता के हालात पर रोना ही आता है। आज पत्रकारिता सेठ साहूकारों की लौंडी बनकर रह गई है। हमें इसे मुक्त कराना ही होगा, वरना आजाद हिन्दुस्तान में प्रजातंत्र का यह चौथा स्तंभ धराशायी होने में वक्त नहीं लगेगा. . . .

1 COMMENT

  1. ये सब अमरीका की चाल है …और हमारे देश इ उदासीनता के कारण ये सब कृत्य हो रहे हैं ….उन को ये क्यों नहीं दीखता की गाय के घी से यज्ञ किया जाता है तो पूरा पर्यावरण शुद्ध रहता है …अमरीका भारत की संस्क्रती को मिटाने पर तुला है ….सब तैयार हो जायो …उसके विरुद्ध

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

* Copy This Password *

* Type Or Paste Password Here *

13,719 Spam Comments Blocked so far by Spam Free Wordpress