जर्मनी में करीब 35 हज़ार साल पुरानी बांसुरी मिली है। खोजकर्ताओं और वैज्ञानिकों का मानना है कि यह दुनिया का पहला संगीत वाद्य यंत्र हो सकता है। इस वाद्य यंत्र को गिद्ध की हड्डी को तराश कर बनाया गया है।
खोजकर्ताओं ने इसे दक्षिणी जर्मनी में होल फेल्स की गुफ़ाओं से ढूंढ़ निकाला है। मीडिया में आई खबर के मुताबिक यह बांसुरी बीस सेंटीमीटर लंबी है और इसमें पांच छेद बने हुए हैं।
विशेषज्ञों का दावा है कि यह उस समय का है जब आधुनिक मानव जाति का यूरोप में बसना प्रारंभ हो गया था। इस वाद्य यंत्र के इस्तेमाल से पता लगता है कि तब समाज संगठित होने की प्रक्रिया में था। और उनमें कुछ नया करने की क्षमता विकसित हो गई थी।