पुरातत्व संस्थान का शिलान्यास

shilanyas
(पूर्वांचल मीडिया ब्यूरो चीफ : डा. राधेश्याम द्विवेदी)
ग्रेटर नोएडा : 28 अक्टूबर: संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से पंडित दीनदयालय उपाध्याय पुरातत्व संस्थान का शिलान्यास नॉलेज पार्क में किया गया, जिसमें केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह शामिल व डॉ. महेश शर्मा संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) शामिल हुए। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व में सबसे पुरानी है और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण हमें हमारी प्राचीन समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जड़ों को जानने में मदद करता है।पंडित दीन दयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान की आधारशीला यहाँ रखते हुए, श्री सिंह ने कहा कि कि उपाध्याय जी के ‘एकात्म मानव धर्म’ के सिद्धांत को दुनिया भर में मान्यता मिली है। इस अवसर पर केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत विश्वगुरु के रुप में जाना जाता रहा है, जिसकी जानकारी हमें पुरातत्व के अध्ययन से मिलती है। उन्होंने पंडित दीनदयाल जीवन और भारतीय संस्कृति की महानता की चर्चा करते हुए कहा कि हम श्रेष्ठ हैं इसलिए पूरी दुनिया को श्रेष्ठ बनाना चाहते हैं। भारतीय संस्कृति वसुधैव कुटुम्बकम की बात करता है। उन्होंने कहा कि विदेशों में धन दौलत ऐश्वर्य को राजा मानते हैं जबकि हमारे यहां महानता का पैमाना त्याग है, लोग भगवान राम को राजा मानते हैं। पूरी दुनिया में भारत के ज्ञान और विज्ञान पर शोध हो रहा है। राजनाथ सिंह ने शिलान्यास मंच से आखिरकार भगवान राम का उद्घोष लगवा ही दिया। उन्होंने भाजपा के ढाई वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि भारत पूरी दुनियां में सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था वाला देश है। राजनाथ सिंह ने कहा कि संस्कृति मंत्रालय हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संरक्षण के लिए सराहनीय काम कर रहा है।संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) महेश शर्मा इस अवसर पर विशेष अतिथि थे। डॉ महेश शर्मा ने कहा कि भारत सरकार पंडित जी की जन्म शताब्दी मना रही है और इस अवसर पर सरकार ने पुरातत्व संस्थान के नए भवन को उनको समर्पित करने का फैसला किया है।इस पुरातत्व संस्थान में भारतीय संस्कृति की झलक मिलेगी साथ ही गौतमबुद्धनगर के ऐतिहासिक स्थल व गुर्जर के इतिसाह का संग्रहालय होगा। भारत सरकार के सहयोग ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क में 25 एकड़(37,600) वर्ग मीटर में पुरातत्व संस्थान डेढ़ वर्ष में बनकर तैयार हो जाएगा, जिसकी लागत 300 करोड़ आएगी। यह संस्थान पूरी तरह से पर्यावरण फ्रेंडली, तीन स्तरीय सुरक्षा के साथ एक हजार लोगों के बैठने की सुविधा होगी। इस संस्थान में दिव्यांगजनों के अनुकूल होने के साथ पुस्तकालय, प्रेक्षागृह के साथ कैफेटेरिया की व्यवस्था होगी। कार्यक्रम के शुरुआत में एल. के. सिन्हा सचिव सांस्कृतिक मंत्रालय ने किया। इस अवसर पर नोएडा की विधायक विमला बाथम, खुर्जा की विधायक सहित कई बड़े नेता व टिकट के दावेदार पहुंचे थे। गृहमंत्री के स्वागत में स्थानीय नेताओं में नवाब सिंह नागर पूर्व मंत्री, विजय भाटी जिलाध्यक्ष, हरिश्चन्द्र भाटी, सत्येन्द्र शिशौदिया,विजेन्द्र भाटी सहित अन्य नेताओं ने स्वागत किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here